हाथरस:यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के हाथरस डिपो ने दो नई बस सेवाओं का संचालन शुरू किया है। शुरुआत में इन बसों को परीक्षण स्वरूप में चलाया गया है। यदि यह प्रयोग सफल रहता है तो आने वाले समय में और रूट्स पर स्थायी संचालन की योजना है।
डिपो की ओर से पहली बस सेवा जलेसर होते हुए नोएडा के लिए शुरू की गई है। यह बस हाथरस से चलकर पहले जलेसर पहुंचेगी, जहां से देहात क्षेत्रों से सवारियां लेकर यह बस वापस हाथरस होते हुए नोएडा के लिए रवाना होगी।
दूसरी बस सेवा हाथरस से जलेसर, सिकंदराराऊ, कुबेरपुर, बिसौली और चंदौसी होते हुए मुरादाबाद तक चलाई जा रही है। इस रूट पर चलने वाली बस ग्रामीण यात्रियों को एक बेहतर और सुलभ परिवहन सुविधा प्रदान करेगी।
एआरएम इरफान अहमद ने बताया कि इन बसों को अभी ट्रायल बेस पर चलाया जा रहा है। यदि यात्रियों की प्रतिक्रिया सकारात्मक रही, तो यह बसें नियमित रूप से इन रूट्स पर संचालित की जाएंगी और भविष्य में अन्य मार्गों पर भी विस्तार किया जाएगा।