spot_imgspot_imgspot_img
Homeराज्यउत्तर प्रदेशपुराने और अनुभवी नेताओं के दम पर लोकसभा चुनाव में उतरेगी भाजपा,...

पुराने और अनुभवी नेताओं के दम पर लोकसभा चुनाव में उतरेगी भाजपा, यूपी में नहीं हुआ बड़ा बदलाव

Pragati Bhaarat:

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी की टीम में अधिकांश पुराने चेहरों को बरकरार रखा गया है। 45 सदस्यीय टीम में आठ नए चेहरों को जगह मिली है। इनमें कानपुर-बुंदेलखंड, पश्चिम और गोरखपुर के क्षेत्रीय अध्यक्ष को प्रदेश टीम में शामिल किया गया है। वहीं चार प्रदेश पदाधिकारी पदोन्नत किए गए हैं। आगामी नगरीय निकाय चुनाव और लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने प्रदेश टीम में बड़े बदलाव का जोखिम नहीं उठाया है। पुराने और अनुभवी पदाधिकारियों पर भरोसा जताते हुए उन्हें टीम में फिर मौका दिया है। भाजपा संगठन की राजनीति और चुनावी रणनीति के लिए इसी अनुभवी टीम के बूते निकाय से लेकर लोकसभा चुनाव में उतरेगी।

भूपेंद्र सिंह चौधरी को 25 अगस्त 2022 को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। चौधरी ने 29 अगस्त को पदभार ग्रहण किया था। तब ही से चौधरी की नई टीम को लेकर कयास लगाए जा रहे थे। ऐसा माना जा रहा था कि टीम में बड़ा बदलाव होगा। लेकिन, पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने आगामी निकाय चुनाव और लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश नेतृत्व को ज्यादा फेरबदल की हरी झंडी नहीं दी।

प्रदेश के तीन पदाधिकारी योगी सरकार में मंत्री बने थे। सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर प्रदेश महामंत्री थे। इनके स्थान पर आगरा के राम प्रताप सिंह चौहान लाए गए हैं। नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा प्रदेश उपाध्यक्ष थे। इनकी जगह पर प्रदेश मंत्री त्रयंबक त्रिपाठी को पदोन्नत कर प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह प्रदेश उपाध्यक्ष थे। इनके स्थान पर प्रदेश मंत्री देवेश कुमार कोरी को पदोन्नत कर प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।

पुरानी टीम में प्रदेश महामंत्री सुब्रत पाठक व अश्विनी त्यागी तथा प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी को नई टीम में जगह नहीं मिली है। इनके स्थान पर प्रदेश मंत्री संजय राय व सुभाष यदुवंश को पदोन्नत कर प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। देवेंद्र की जगह पश्चिम के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसी तरह चार प्रदेश मंत्रियों की पदोन्नति से खाली हुए स्थानों पर चार नए चेहरों को मौका दिया गया है।

भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों में कानपुर-बुंदेलखंड के क्षेत्रीय अध्यक्ष रहे मानवेंद्र सिंह, पश्चिम के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल और गोरखपुर के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह सैंथवार को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। योगी सरकार में मंत्री रहे अमेठी के सुरेश पासी, अवध के क्षेत्रीय महामंत्री शिवभूषण सिंह, भाजयुमो के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री अभिजात मिश्रा व गाजियाबाद के बसंत त्यागी को नए चेहरे के रूप में प्रदेश मंत्री बनाकर शामिल किया गया है।

इसलिए हटे त्यागी और सुब्रत
कन्नौज के सांसद और प्रदेश महामंत्री सुब्रत पाठक और प्रदेश महामंत्री अश्विनी त्यागी को टीम में स्थान नहीं मिला है। सुब्रत पाठक फिर कन्नौज से चुनाव लड़ेंगे, लिहाजा तैयारी के लिए संगठन के दायित्व से मुक्त किया गया है। वहीं सूत्रों का कहना है कि पाठक को केंद्रीय मंत्रिमंडल के फेरबदल में मोदी सरकार में जगह मिल सकती है। त्यागी को विधान परिषद में भाजपा दल के सचेतक बनाए जाने के बाद ही उनकी छुट्टी तय मानी जा रही थी।

गोविंद शुक्ला की हैट्रिक लगी
भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोविंद शुक्ला लगातार तीसरी बार प्रदेश महामंत्री नियुक्त हुए हैं। केशव प्रसाद मौर्य की टीम में शुक्ला प्रदेश मंत्री थे। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय की टीम में उन्हें पहली बार प्रदेश महामंत्री बनाया गया था। उसके बाद स्वतंत्र देव सिंह की टीम में भी शुक्ला महामंत्री रहे। भूपेंद्र चौधरी की टीम में भी शुक्ला को फिर महामंत्री बनाया गया है।

अब 47 सदस्यीय होगी भाजपा की प्रदेश टीम
भाजपा की प्रदेश टीम पहले प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्री संगठन सहित कुल 45 सदस्यीय थी। इस बार अध्यक्ष व महामंत्री संगठन को छोड़कर 45 सदस्य शामिल किए गए हैं। मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित को प्रदेश पदाधिकारी की सूची में शामिल किया है। प्रभारी प्रकोष्ठ और विभाग का नया पद सृजित कर ओमप्रकाश श्रीवास्तव को लाया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments